कुंभ मेला 2027: मां मनसा देवी मार्ग का एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा खामियां दूर करने के निर्देश
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर कुंभ मेला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने मां मनसा देवी पैदल मार्ग, सीढ़ी मार्ग और मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ भीड़ नियंत्रण योजना और आपातकालीन निकासी व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने पैदल मार्ग पर बीच में लगे विद्युत पोल हटाने, जिन स्थानों पर पैराफिट नहीं हैं वहां सुरक्षा दीवार बनाने, शॉर्टकट रास्तों को बंद करने और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा रास्ते में बनी पानी की टंकी की मरम्मत, नई टोटियां लगाने और क्षतिग्रस्त हिल बाईपास की मरम्मत के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर काम समय पर पूरा कराने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में सामने आई कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक सुशील रावत, यातायात निरीक्षक हितेश कुमार, निरीक्षक सतवीर बिष्ट, निरीक्षक प्रीतम सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।























































