कांवड़ मेले में नगर निगम की अनोखी पहल, ‘स्वच्छता दूत’ घाटों पर दे रहे स्वच्छता का संदेश
मेगाफोन से श्रद्धालुओं को किया जा रहा जागरूक, प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ गंगा घाट बनाने की अपील
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान गंगा घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने अभिनव पहल करते हुए विभिन्न घाटों पर ‘स्वच्छता दूत’ तैनात किए हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत स्वच्छता दूत मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं और घाटों को साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं।
अभियान के दौरान श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में डालें तथा गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतल, बचा हुआ भोजन या अन्य किसी प्रकार का कचरा न फेंकें। साथ ही प्लास्टिक की चटाई, शीट और पॉलिथीन के उपयोग से बचने तथा भंडारे के बाद पत्तल, दोने, गिलास और अन्य अपशिष्ट स्वयं उठाकर कूड़ेदानों में डालने का आग्रह किया जा रहा है।
स्वच्छता दूत सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। नगर निगम की इस पहल को श्रद्धालुओं ने सराहनीय बताते हुए स्वच्छता अभियान में पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया।
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, नगर निगम की टीम तथा डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था के स्वयंसेवी मौजूद रहे। स्वयंसेवियों के सहयोग से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
नगर निगम हरिद्वार ने सभी श्रद्धालुओं से गंगा घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करने तथा स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त हरिद्वार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।


















































