हरिद्वार।
हरिद्वार नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार नगर निगम को एक ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताते हुए नगर निगम परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। नगर निगम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ता और पुलिस टीमों द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक ईमेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
फिलहाल नगर निगम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।












































