ऑपरेशन प्रहार के तहत भगवानपुर पुलिस को मिली सफलता, राजस्थान के भिवाड़ी से आरोपी को पकड़ा
भगवानपुर/ हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने करीब आठ माह से लापता बालिका को राजस्थान के भिवाड़ी से सकुशल बरामद किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता की लिखित तहरीर के आधार पर उसकी नाबालिग पुत्री को आदिश पुत्र आबिद निवासी ग्राम पुहाना, थाना भगवानपुर द्वारा अपहरण कर ले जाने के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 101/2026 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर को नाबालिग बालिका की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों व डीसीआरबी से प्राप्त जानकारी के आधार पर संभावित स्थानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद 19 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी आदिश को आजाद नगर, थाना भिवाड़ी, राजस्थान से पकड़ लिया। पुलिस ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक सुनील पंत
- हेड कांस्टेबल अरविंद तोमर
- महिला कांस्टेबल अनुपमा
हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नाबालिग बालिका की बरामदगी हो सकी। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






















































