हरिद्वार।
थाना कनखल पुलिस को सूचना मिली कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात बालक का लहूलुहान शव पड़ा है। मौके पर पहुँची पुलिस ने शिनाख्त की, तो मृतक की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में हुई।
मौके पर साक्ष्य जुटाने हेतु फील्ड यूनिट की बुलाई गई व मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार 05 टीमों का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीमों द्वारा कड़ी मशक्कत करते हुए सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों को खंगाले गए। जिसमे पुलिस टीम को सीसीटीवी में मृतक कुनाल शराब के ठेके पर शराब खरीदते हुए एक संदिग्ध स्कूटी पर किसी व्यक्ति के साथ जाता हुआ दिखा।
स्कूटी सवार की जांच पड़ताल करने पर स्कूटी सवार की पहचान अरविन्द उर्फ शिवम पुत्र संदीप शर्मा निवासी पतवारी मन्दिर के पीछे दुर्गा कॉलौनी थाना गोवर्धन मथुरा उ0प्र0 हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में हुई, जो घटना के बाद से मथुरा फरार हो गया था। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मथुरा से धर दबोचा।
पूछताछ करने पर आरोपी अरविन्द ने बताया कि वह कुछ महीनों से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था। वह और कुनाल (मृतक) दोस्त थे और पड़ोस में ही रहते थे। 06 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में कुनाल ने अरविन्द की बहनों पर गंदे लांछन लगाने लगा और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने अरविन्द को थप्पड़ मारे, जिसके बाद गुस्से में आकर अरविन्द ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
















































