वाह रे भ्रष्टाचार… सरकारी स्कूलो को भी नहीं बक्शा, खंड शिक्षा अधिकारी रंगे हाथों दबोचा
बहादराबाद।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा प्रहार करते हुए विजिलेंस की टीम ने हरिद्वार जनपद के बहादराबाद ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौड़ और उसके करीबी सहयोगी मुकेश को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौड़ 40 वी वाहिनी पुलिस मॉडल स्कूल के नवीनीकरण कार्य की अनुमति और संबंधित फाइलों को आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता विभाग विजिलेंस को दी इसके बाद जाल बिछाया गया। विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को योजना बद तरीके से तैयारी की। जैसे ही खंड शिक्षा अधिकारी राठौर ने रिश्वत की रकम पकड़ी टीम ने उन्हें दबोच लिया उनके साथ मुकेश को भी गिरफ्तार किया गया, जो खंड शिक्षा अधिकारी का करीबी और ब्लॉक रिसोर्स पर्सन बताया जा रहा है। आरोपी मुकेश वर्तमान में श्यामपुर स्थित एक सरकारी विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात है और वह लंबे समय से बी आरओ के लिए नेटवर्क चलाने का काम देखता आ रहा है। विजिलेंस को काफी समय से शिकायतें मिल रही थी कि क्षेत्र के स्कूलों के प्रशासनिक कार्यों और निर्माण कार्यों के बदले अवैध वसूली का खेल चल रहा है। विजिलेंस की टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उनके आवासों और अन्य ठिकानों पर भी छानबीन की जा रही है ताकि अवैध संपत्ति और अन्य भ्रष्टाचार के सबूत जुटाए जा सके।

















































