एक नाबालिग भी शामिल,
गैंग के 15 सदस्य अब तक दबोचे गए
हरिद्वार।
कनखल क्षेत्र में मारपीट और हुड़दंग की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए कनखल कोतवाली पुलिस ने कथित ‘फिल्ला गैंग’ के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इंस्टाग्राम पर कमेंट और क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने को लेकर लोगों से मारपीट करते थे। गैंग का नेटवर्क भूपतवाला से लेकर लक्सर तक फैला हुआ बताया जा रहा है। पुलिस अब तक गैंग के 15 सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, कनखल क्षेत्र में लगातार मिल रही मारपीट और हुड़दंग की शिकायतों के मद्देनजर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत के निर्देशन में सादे कपड़ों में विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं। ये टीमें जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार निगरानी और चेकिंग कर रही थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने 10 अप्रैल को कनखल निवासी कुलदीप द्वारा अपने पुत्र के साथ मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे की सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस टीम ने एक नाबालिग समेत सक्षम उर्फ सावन पुत्र मनोज कुमार निवासी विकास कॉलोनी पुराना रानीपुर मोड़, राजकुमार उर्फ जौंगा पुत्र सोमपाल निवासी मोहल्ला मजरी, जमालपुर तथा नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा निवासी मोहल्ला सगरावाला गली नंबर-5, जगजीतपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा के खिलाफ पैसे मांगने और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई अनुज सिंह, एसआई प्रकाश चंद, एसआई गंभीर सिंह तोमर, एसआई ललित मोहन अधिकारी, कांस्टेबल सतेंद्र रावत, उमेद सिंह, रघुबीर सिंह और प्रवल चौहान शामिल रहे।

















































