हरिद्वार।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने से वंचित रहे बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल सुपरवाइजर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के लिए बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 25-हरिद्वार, 26-बीएचईएल रानीपुर, 27-ज्वालापुर (अ.जा.) तथा 35-हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत कार्यरत कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने कहा कि सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं बीएलए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और दक्षता के साथ करें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पुनरीक्षण कार्य संपादित किए जाएं तथा किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा त्रुटि सुधार की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
डॉ. चमोला ने निर्वाचन संबंधी कार्यों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्धारित प्रपत्रों के सही उपयोग, समयबद्ध कार्रवाई और विभिन्न स्तरों पर समन्वय के महत्व की भी जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी मीडिया गोविंद कुर्ल, संतोष रावत, प्रकाश चंद देवराणी सहित बड़ी संख्या में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल सुपरवाइजर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार सुनिश्चित किया जा सके।
















































