Uncategorized

नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। कनखल पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में वांछित आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़ और बरेली समेत कई स्थानों पर ठिकाने बदलता रहा।

पुलिस के अनुसार, बीती 3 सितंबर को नाबालिग की मां ने कनखल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को अपने विश्वास में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फोटो-वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी। ब्लैकमेलिंग के चलते नाबालिग से कथित तौर पर एक लाख रुपये भी लिए गए और इसके बाद भी पैसों की मांग की जाती रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस का कहना है कि लगातार दबिश से घिरता देख आरोपी आखिरकार कनखल कोतवाली पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान गौरव कुमार, निवासी बरेली, हाल निवासी जगजीतपुर कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल, महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य, कांस्टेबल रणजीत सिंह और महिला कांस्टेबल सुष्मिता रावत शामिल रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *