Uncategorized

सिडकुल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

सिडकुल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, कर्मचारियों को तनाव और डिप्रेशन से बचाव की दी जानकारी

हरिद्वार। संस्था “एक जरा सी कोशिश” एवं नेशनल स्वास्थ्य मिशन हरिद्वार की टीम की ओर से सिडकुल स्थित Akums कंपनी के प्लांट नंबर-7 में मानसिक स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक करना और समय रहते उचित परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना रहा।

शिविर में जिला हरिद्वार से पहुंचे डॉ. राजीव रंजन तिवारी ने कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों को डिप्रेशन, एंजायटी, अनिद्रा, ओवरथिंकिंग और तनाव जैसी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इन समस्याओं के संभावित कारणों के साथ-साथ उनसे निपटने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।

डॉ. तिवारी ने कर्मचारियों को स्ट्रेस मैनेजमेंट, प्राकृतिक उपचार और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर मनोचिकित्सक अथवा विशेषज्ञ से परामर्श और उचित उपचार लेना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बात करने और समस्याओं का समय रहते समाधान तलाशने के लिए भी प्रेरित किया गया।

शिविर में संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान, डॉ. राजीव रंजन तिवारी, काउंसलर तूषा अत्रे, कमल पांडे, अनुराग दीपक और अभिषेक गौतम सहित Akums कंपनी की मैनेजमेंट टीम से डॉ. सर्वजीत सिंह, शुभम, आलोक त्रिपाठी एवं HR मैनेजर मौजूद रहे।

शिविर में कंपनी के करीब 100 स्टाफ सदस्यों ने प्रतिभाग किया और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *