उत्तराखंड

देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल सम्पन्न, लोक संस्कृति और सेना-नागरिक समन्वय पर रहा जोर

बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित दो दिवसीय ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026’ का रविवार को समापन हुआ। ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ थीम पर आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने बामणी गांव पहुंचकर नंदा अष्टमी उत्सव में भी ग्रामीणों के साथ सहभागिता की और प्रदेश की लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया। महोत्सव परिसर में उन्होंने स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को पर्यटन से जोड़ने से सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना की सैन्य प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सेना की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने में सहायक हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी लोक संस्कृति, लोक नृत्य, लोक गीत और परंपराओं से है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के मूल मंत्र के साथ संस्कृति संरक्षण और विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में सड़क, बिजली, दूरसंचार, पर्यटन और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का उल्लेख किया। साथ ही मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होम स्टे, कृषि-बागवानी, शीतकालीन पर्यटन और अन्य योजनाओं के माध्यम से स्थानीय रोजगार बढ़ाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना और स्थानीय नागरिकों के बीच सहयोग एवं समन्वय को मजबूत करने में इस तरह के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोक भाषाओं, गीतों, नृत्यों, पारंपरिक वेशभूषा, मेलों और पर्वों के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

इस अवसर पर सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथियों की मौजूदगी रही।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *