हरिद्वार।
उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में बादल फटने से हुई भारी तबाही का समाचार अत्यंत दु:खद और हृदय विदारक है। इस प्राकृतिक आपदा से जन—धन की हुई क्षति ने सभी को अत्यंत व्यथित किया है।
इस संदर्भ में हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में बादल फटने की दुखद घटना ने सभी को भीतर तक झकझोर दिया है। प्राकृतिक आपदा से हुई हानि की पीडा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। मैं मां गंगा से प्रार्थना करता हूँ कि सभी प्रभावितजन सुरक्षित रहें, दिवंगत आत्माआें को शांति मिले और संकट की इस घडी में ईश्वर पीडित परिवारों को धैर्य और संबल प्रदान करें।
उन्होंने आगे कहा कि राहत और बचाव कार्यों में शासन— प्रशासन, एसडीआरएफ व अन्य आपदा राहत टीमें पूरी सक्रियता और समर्पण से जुटी हुई हैं। आवश्यकता की हर घडी में केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियां राज्य सरकार के साथ खडी हैं। श्री रावत ने कहा की संकट की इस घडी में हम पीडित परिवार जनों के साथ हैं, सभी के प्रति हम गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह समय एकजुटता, संवेदना और सहायता का है। हम सब मिलकर इस संकट से उबरेंगे।























































