उत्तराखंड हरिद्वार

मतदाता जागरूकता अभियान शुरू, ईवीएम-वीवीपैट की जानकारी देने के लिए रवाना हुए वाहन

 

हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जागरूकता वाहन जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों के गांवों, कस्बों और शहरी इलाकों में पहुंचेंगे। यहां मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली, मतदान प्रक्रिया और इनके इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।

अभियान का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में मौजूद भ्रांतियों और संशय को दूर करना तथा उन्हें निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जागरूकता अभियान को जनपद के प्रत्येक क्षेत्र तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *