अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे थे बदमाश, पुलिस ने दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और 315 बोर का तमंचा किया बरामद
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर एंबुश लगाया। पुलिस टीम ने मौके से विशाल और भूपेंद्र को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भाग निकला।
पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने के दौरान मुकुल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (25) निवासी बहादराबाद, भूपेंद्र (23) निवासी मुजफ्फरनगर और घायल मुकुल (25) निवासी मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी हरिद्वार भी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आखिर इन हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और हरिद्वार में किन लोगों तक इन्हें पहुंचाया जाना था? पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।






















































