Uncategorized

कब्रिस्तान की जमीन पर सड़क बनाने का आरोप, ग्रामीणों ने रोका बुलडोजर

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में कब्रिस्तान की भूमि पर कथित तौर पर निजी सड़क निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर नगर निगम के बुलडोजर को रोक दिया और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि रविवार में अवकाश के दिन सरकारी मशीनरी का प्रयोग निजी कार्यों के लिए कैसे किया जा रहा है? ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।जगजीतपुर में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश उस वक्त सामने आया, जब नगर निगम का बुलडोजर मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि एक गैर सरकारी अस्पताल के संचालक द्वारा कथित तौर पर कब्रिस्तान की भूमि से निजी सड़क निकालकर उसे मुख्य मार्ग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, यह भूमि लंबे समय से सलमानी समाज के कब्रिस्तान के रूप में इस्तेमाल होती आ रही है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि भूमि को लेकर न्यायालय में मामले विचाराधीन हैं और राजस्व अभिलेखों में कई ग्रामीणों के नाम दर्ज हैं। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब मामला न्यायालय में लंबित है, तो निर्माण कार्य किस आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से राजस्व अभिलेखों और न्यायालयीन मामलों की स्थिति की जांच होने तक निर्माण कार्य रोकने की मांग की। ग्रामीणों में पूर्व प्रधान श्याम सुंदर, पूर्व प्रधान, दिनेश वालिया, वसीम सलमानी, सतीश डावड़े, प्रशांत चौहान, विनय कौशिक, कांग्रेस नेता अशोक शर्मा सहित दर्जनों स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। 

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *