सहसपुर में जनसेवा शिविर
देहरादून/सहसपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के घर-घर तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में 700 से अधिक जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। वहीं सेवा पखवाड़े के तहत अब तक 64 हजार से अधिक नागरिक लाभान्वित हुए हैं और हजारों जनसमस्याओं का निस्तारण किया जा चुका है।
शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लिया। पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं अन्य सहायता वितरित की गई, जबकि विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर मौके पर ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मुख्यमंत्री ने शिविर के दौरान लोगों की शिकायतें सुनते हुए कई मामलों में अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कारबारी ग्रांट में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, एक महिला को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुई क्षेत्र में सड़क, नाली एवं जल निकासी कार्य कराने, भाऊवाला में श्मशान घाट निर्माण, बंदोबस्त संबंधी राजस्व समस्याओं के 15 दिन में समाधान तथा ग्राम बड़ोवाला में डिस्पेंसरी एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निवेश, पर्यटन, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार “विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
















































