उत्तराखंड हरिद्वार

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सचिव ने जिले में आपदा प्रबंधन को लेकर की समीक्षा बैठक

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सचिव मनीष भारद्वाज ने हरिद्वार जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा की। उन्होंने जलभराव, भूस्खलन और बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए मजबूत उपायों पर जोर दिया।
हरिद्वार।
भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सचिव मनीष भारद्वाज ने आज हरिद्वार जिले में आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक जिला आपदा प्रबंधन सभागार में हुई, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सचिव भारद्वाज ने हरिद्वार को आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां कुंभ मेला, कांवड़ मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान लाखों-करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में स्थानीय निवासियों और बाहरी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और बेहतर समन्वय से मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में प्रमुख निर्देशों मे वर्षा ऋतु में जलभराव से निपटने के लिए दीर्घकालिक और प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए गए।
हिल बाईपास क्षेत्र में हो रहे भूस्खलन के लिए स्थायी, वैज्ञानिक और उचित प्रबंधन के उपाय अपनाने के निर्देश दिए।
 आपदा की स्थिति में त्वरित अलर्ट के लिए NDMA द्वारा विकसित ‘सचेत’ ऐप को सभी नागरिकों के मोबाइल फोन में डाउनलोड कराने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बताया कि यह ऐप वास्तविक समय में भू-लक्षित अलर्ट, मौसम अपडेट और सरकारी चेतावनियां प्रदान करता है।
 बाढ़ की स्थिति में आपदा मित्रों, गंगा प्रहरियों और गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रभावी प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। प्रशिक्षण को अधिक व्यवहारिक और समन्वित बनाने के निर्देश दिए गए ताकि आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सचिव को जिले में चल रहे आपदा प्रबंधन कार्यों, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्यरत हैं और नियमित मॉकड्रिल के माध्यम से तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *