यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर हरिद्वार में धारा-163 लागू, 14 जून को 16 केंद्रों पर होगी परीक्षा
हरिद्वार। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 14 जून, 2026 (रविवार) को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक एकल पाली में किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी ने बताया कि जनपद हरिद्वार में कुल 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इनमें जगजीतपुर, ज्वालापुर, कनखल, मायापुर तथा अन्य क्षेत्रों के विद्यालय एवं इंटर कॉलेज शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)-2023 की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) के अंतर्गत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
आदेश के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट, अपर जिला मजिस्ट्रेट अथवा सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, जुलूस तथा धरना-प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की गतिविधि, जिससे लोक शांति भंग होने की आशंका हो, की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर परिधि में ध्वनि प्रदूषण पर भी प्रतिबंध लगाया है। निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरणों का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा लाठी, चाकू, तलवार, भाला, बंदूक, पिस्टल, विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ लेकर चलने पर भी रोक रहेगी।
परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की पाठ्य सामग्री, मोबाइल फोन, सेलुलर फोन, पेजर अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस बल के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
उप जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 223 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से परीक्षा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।















































