हरिद्वार।
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धारीवाला में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया।
ग्राम धारीवाला में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद के सौजन्य से स्थापित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि महाराणा प्रताप ऐसे महान योद्धा थे जिन्होंने समझौता करने के बजाय संघर्ष का मार्ग चुना। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के बलिदानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनके संघर्षों की बदौलत ही आज देश लोकतांत्रिक व्यवस्था में आगे बढ़ रहा है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं नई पीढ़ी को उनके त्याग और बलिदान की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्षमय जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने आत्मसम्मान और राष्ट्रहित से समझौता नहीं किया। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप को प्रेरणास्रोत मानते हुए देशहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चौहान राजपूत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलवंत सिंह चौहान, चौहान क्षेत्रीय कल्याण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर जयपाल सिंह, महामंत्री रविंद्र चौहान, चेयरमैन साधुराम चौहान, महंत राममुनि, राज्यमंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, ग्राम प्रधान शिवानी चौहान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो -3 – वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम मे मंचासीन अतिथि



















































