पुलिस लाइन में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, 200 से अधिक पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण
हरिद्वार।
एसएसपी नवनीत सिंह की पहल पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में देहरादून के वेलमेड अस्पताल के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा अस्पताल के सपोर्टिव स्टाफ द्वारा 200 से अधिक पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच कर परामर्श दिया गया।
शिविर में ईसीजी, ब्लड प्रेशर, रैंडम शुगर, नेत्र, हृदय, पेट, आंत और लीवर संबंधी जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच के उपरांत आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी।
शिविर का शुभारंभ करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों की दिनचर्या अत्यंत व्यस्त और भागदौड़ भरी होती है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल आवश्यक है। इसी उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, ताकि पुलिसकर्मी और उनके परिजन समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराकर स्वस्थ रह सकें।

















































