हरिद्वार। कोतवाली कनखल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 32 किलो अवैध गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजे को एक-एक किलो के पैकेटों में तैयार कर ट्रॉली बैग और कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि, 23 सितंबर को टीम श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पैदल आ रहे तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में दो ट्रॉली बैग और एक सफेद कट्टे से टेप में लिपटे गांजे के पैकेट बरामद हुए।
बरामद गांजे में दिपेश के कब्जे से 11 किलो 35 ग्राम, रणजीत के कब्जे से 14 किलो 32 ग्राम और आदित्य राय के कब्जे से 7 किलो 32 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिपेश निवासी बैरागी कैंप कनखल, रणजीत लाकड़ा निवासी ठोकर नंबर 10 कनखल और आदित्य राय निवासी लोहाघाट, चम्पावत के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से आया इसके सम्बंध में पूछताछ की जा रही है।




















































