हरिद्वार। फायर स्टेशन मायापुर की टीम ने विशेष निरीक्षण अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे और अन्य जनसहभागिता वाले संस्थानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया।
नवनीत सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत फायर कर्मियों ने भूपतवाला क्षेत्र स्थित होटल अमाया, होटल पैराडाइज और होटल कृष्ण हेरिटेज का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आपातकालीन निकास मार्गों की व्यवस्था, अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों की कार्यक्षमता और उनकी वैधता के साथ ही अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) की जांच की गई।
फायर विभाग की टीम ने संबंधित प्रबंधकों को निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन उपकरणों को हर समय कार्यशील स्थिति में रखा जाए तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
फायर अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए होटल एवं धर्मशालाओं में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखना बेहद आवश्यक है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













































