Uncategorized

चंपावत में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग 

हरिद्वार।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने चंपावत में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद मेहरा ने कहा कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत में भाजपा मंडल अध्यक्ष और उसके तीन साथियों पर 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप है। घटना के बाद आरोपी किशोरी को मृत समझकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के दबाव के बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया। कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने हरिद्वार में एक स्कूल के तीरंदाजी कोच पर नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चंपावत की घटना पूरे समाज को शर्मसार करने वाली है और इसमें राजनीतिक पदाधिकारी के शामिल होने से अपराधियों के हौसले बुलंद होने का संकेत मिलता है। उन्होंने सरकार के महिला सुरक्षा के दावों को खोखला बताया। इस दौरान विकास चंद्रा, सार्थक ठाकुर और सागर बेनीवाल भी मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *