उत्तराखंड देहरादून

बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 IAS-PCS अधिकारियों के तबादले

 

धामी सरकार का बड़ा फैसला, कई जिलों के CDO और ADM बदले गए

देहरादून।

उत्तराखंड की धामी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने एक साथ 30 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में 10 IAS और 20 PCS अधिकारी शामिल हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारियों और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मद्देनजर किए गए इस बदलाव में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी और नगर निगमों के नगर आयुक्त बदल दिए गए हैं।
उत्तराखंड में प्रशासनिक स्तर पर हुए इस बड़े फेरबदल से कई जिलों की प्रशासनिक जिम्मेदारियां बदल गई हैं। बुधवार देर शाम कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के सचिव शैलेश बगोली की ओर से तबादला आदेश जारी किया गया।

सबसे पहले बात करते हैं IAS अधिकारियों की नई तैनाती की…

दीपक सैनी को पिथौरागढ़ से हटाकर देहरादून का नया मुख्य विकास अधिकारी यानी CDO बनाया गया है। वहीं, देहरादून के CDO रहे अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन और पर्यटन विकास परिषद का अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

प्रवीण कुमार को शहरी विकास निदेशालय से हटाकर पिथौरागढ़ का CDO बनाया गया है। जबकि बाध्य प्रतीक्षा में चल रहीं अनामिका को अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दीपक रामचंद्र सेठ को रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट पद से हटाकर चमोली का CDO नियुक्त किया गया है। वहीं राहुल आनंद अब उत्तरकाशी के नए मुख्य विकास अधिकारी होंगे।

इसके अलावा आशिमा गोयल को हल्द्वानी नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। जबकि निधि यादव से पंचायती राज निदेशक का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।

अब बात PCS अधिकारियों की…

सरकार ने 20 PCS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। अभिषेक त्रिपाठी को पंचायती राज का नया निदेशक बनाया गया है। स्मिता परमार को रुड़की नगर निगम और नूपुर वर्मा को रुद्रपुर नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

वहीं परितोष वर्मा को हल्द्वानी से हटाकर काशीपुर नगर निगम की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा जितेंद्र कुमार को देहरादून, निर्मला बिष्ट और विनोद कुमार को ऊधम सिंह नगर, कमलेश मेहता को रुद्रप्रयाग, नारायण सिंह नबियाल को चमोली और रविंद्र सिंह को बागेश्वर में अपर जिलाधिकारी यानी ADM बनाया गया है।

वहीं कुंभ मेला प्रशासन को मजबूत करने के लिए पंकज उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी और गोपाल राम बिनवाल को उप मेलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। चुनावी तैयारियों के बीच हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को काफी अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में शासन की ओर से और किन विभागों में बदलाव किए जाते हैं।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *