उत्तराखंड हरिद्वार

रोड़ीबेलवाला पिंक वेंडिंग जोन के कार्यों में आएगी तेजी, नगर आयुक्त ने सुनी वेंडर्स की समस्याएं

हरिद्वार। रोड़ीबेलवाला स्थित पिंक वेंडिंग जोन के निर्माण एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने वेंडिंग जोन का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि वेंडर्स को जल्द व्यवस्थित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराया जा सके।

वेंडर्स से संवाद कर जानीं समस्याएं

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वेंडर्स से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यावसायिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

स्वच्छता बनाए रखने की अपील

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने वेंडर्स से अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिंक वेंडिंग जोन को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने में सभी की भागीदारी जरूरी है। नगर निगम का उद्देश्य वेंडर्स को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है।

उन्होंने अधिकारियों और वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, आकाश कुमार, शिव सिंह चौहान सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *