कनखल में ऐतिहासिक कांग्रेस ध्वज का सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण, पूर्वजों के परिजन सम्मानित
हरिद्वार। कनखल के चौक बाजार में ऐतिहासिक कांग्रेस ध्वज की पुनः स्थापना के बाद सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान ध्वज से जुड़े ऐतिहासिक संघर्ष में योगदान देने वाली विभूतियों के परिजनों को माल्यार्पण, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पंडित जगदीश अत्री ने ध्वजारोहण किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास चौधरी ने की। वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1978 में ध्वज को लेकर विवाद हुआ था और पुलिस कार्रवाई के बाद इसे सील कर दिया गया था। वर्ष 1980 में रेजिडेंट मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश पर ध्वज को जगदीश प्रसाद चौधरी, जगदीश चौबे, जगदीश मिश्रा, भारतेंदु हांडा और जगदीश अत्री के नाम पर रिलीज किया गया था।
पूर्व राज्य मंत्री संजय पालीवाल और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि यह ध्वज उनके पूर्वजों की ऐतिहासिक विरासत है, जिसे संरक्षित रखना जरूरी है। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जतिन हांडा और शुभम अग्रवाल ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के लिए कार्य करने का संकल्प जताया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामयश सिंह, संजय अग्रवाल, तेलूराम प्रधान, सतेंद्र शर्मा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी और नागरिक उपस्थित रहे।























































