हरिद्वार। रोशनाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के रोशनाबाद कोर्ट चौराहे पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारी बाद में विकास भवन के पास स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने तथा कथित तौर पर “वोट चोरी” के आरोप लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर SIR (Special Intensive Revision) का विरोध जताया। पूर्व सांसद प्रत्याशी वीरेंद्र रावत ने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से सरकार को चुनाव में फायदा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, SIR के विरोध में देशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। वहीं, एडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से SIR के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया है, जिसे शासन के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा जाएगा।





















































