Uncategorized

दो दिन बाद फिर अवैध शराब के साथ पकड़ा गया युवक, कार्रवाई पर उठे सवाल

 

हरिद्वार।
नशे के खिलाफ पुलिस और प्रशासन के जागरूकता अभियानों के बीच अवैध शराब के परिवहन का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति को दो दिन पहले स्थानीय युवाओ ने अवैध शराब के साथ पकड़ा था, वह आज एक बार फिर कथित तौर पर अवैध शराब का परिवहन करते हुए स्थानीय लोगों के हाथों पकड़ा गया।

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले भी इसी व्यक्ति को दुर्गा चौक के पास स्थानीय लोगों ने शराब के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके बावजूद आज यह व्यक्ति मोहल्ला कड़च स्थित अंबेडकर चौक पर दोबारा अवैध शराब ले जाते हुए स्थानीय लोगों द्वारा पकड़ लिया गया।

एक ही व्यक्ति का कम समय के अंतराल में बार-बार अवैध शराब के साथ पकड़ा जाना पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ये युवक जब अवैध शराब के साथ पकड़ा गया तब इसके पास वो स्कूटर था जिसको आबकारी विभाग ने 15 दिन पूर्व शराब के साथ सीज किया था, बड़ा सवाल ये है कि दो दिन पूर्व पकड़ा गया ये युवक आखिर इतनी जल्दी वह दोबारा उसी गतिविधि में कैसे सक्रिय हो गया? क्या इसे कानून और पुलिस का कोई डर नही है?

एक ओर पुलिस अधिकारी स्कूलों में जाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं और नशे के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोग स्वयं अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों का असर तभी दिखाई देगा, जब अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या नशे के खिलाफ वास्तव में शिकंजा कसा जा रहा है, या बार-बार पकड़े जाने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार करने वालों के हौसले बुलंद हैं? फिलहाल स्थानीय लोगों की नजर पुलिस और आबकारी विभाग की अगली कार्रवाई पर है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *