युवक की बेरहमी से पिटाई, मुंह में किया पेशाब
घटना का वीडियो वायरल, पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
हाथरस। इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। सिकंदराराऊ के बाजिदपुर गांव में दबंगों ने एक युवक को बीच बाजार में पकड़कर लोहे की रॉड और सरिया से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि मारपीट के बाद दबंगों ने युवक के मुंह में पेशाब भी किया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के बाजिदपुर गांव में दबंगई और हैवानियत का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि नगला भानचंद निवासी शिव कुमार रविवार को किसी काम से बाजिदपुर बाजार गया था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे कुछ दबंगों ने उसे देखते ही पकड़ लिया और बीच बाजार में उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने लोहे की रॉड और सरिया से युवक को बुरी तरह पीटा। इस दौरान उसके गले में फंदा डालकर जमीन पर पटकने और गाली-गलौज करने का भी आरोप है।
पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के बाद आरोपियों ने दरिंदगी की हद पार कर दी। आरोप है कि दबंगों ने युवक के मुंह में पेशाब कर दिया।
इस पूरी घटना का वीडियो पास खड़े एक युवक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की।
पीड़ित के पिता का आरोप है कि आरोपी पक्ष के साथ उनके बेटे का पहले से धारा 308 का मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। उनका कहना है कि आरोपी लगातार मुकदमा खत्म करने का दबाव बना रहे थे और मना करने पर इस घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि दबंगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांची जा रही है।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और अब जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






















































