Uncategorized

इंसानी खून के कारोबार करने वालो पर कार्रवाई, 5 गिरफ्तार

 

लक्सर। जिस खून को इंसान की जिंदगी बचाने के लिए दान किया जाता है, उसी खून को अगर मुनाफे का सामान बना दिया जाए तो सवाल सिर्फ कानून का नहीं, इंसानियत का भी है।
लक्सर में पुलिस ने ऐसे ही एक कथित अवैध रक्त संग्रह के मामले का खुलासा करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दो वाहनों से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, चार डोनर चेयर और रक्त संग्रह के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति कथित रूप से ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जा रहे थे। आरोप है कि लोगों से एकत्र किया गया रक्त संबंधित ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय दूसरे राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा था।

16 अगस्त को सूचना मिलने के बाद लक्सर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की
इसके बाद अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में पुलिस को 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, चार डोनर चेयर, रक्त संग्रह के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद होने का दावा किया है।
मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अब बड़ा सवाल ये है कि अगर लोगों ने भरोसा करके अपना खून दान किया था, तो वह खून आखिर कहां पहुंचाया जा रहा था? क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था? और सबसे अहम—अगर पुलिस के आरोप सही साबित होते हैं, तो इंसान की जिंदगी बचाने वाले रक्त को मुनाफे का जरिया बनाने वालों पर कितनी सख्त कार्रवाई होगी?

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जांच की जा रही है, कहां कहां और कितना खून बेचा गया, कब से ये चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *