कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी के माध्यम से डीजीपी को भेजा ज्ञापन
हरिद्वार/ विकास झा। हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कार्यक्रम स्थल का हवन कर कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। एससी विभाग के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष श्री विनोद कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी के माध्यम से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को ज्ञापन प्रेषित कर संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उचित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
विनोद कुमार ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल का हवन कर कथित रूप से शुद्धिकरण किया जाना केवल किसी एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक पद की गरिमा का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी राज्यसभा में इस मामले को उठाया है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा भी घटना पर नाराजगी जताते हुए उचित कार्रवाई की बात कही गई थी। इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई न होना गंभीर चिंता का विषय है।
विनोद कुमार ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज की जाए और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रतिनिधिमंडल में पार्षद अनुज कुमार सोनकर, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, पार्षद निखिल कुमार, सोम प्रकाश वाल्मीकि, गौतम कुमार, शिव कुमार, बिजेंद्र बिष्ट, बल्लू, शिवास बिष्ट, नमन लालचंद शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व राजकुमार, विधायक सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।





















































