हरिद्वार।
थाना कनखल पुलिस ने मालिश के बहाने एक बुजुर्ग का करीब ₹6 लाख मूल्य का सोने का कड़ा चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया कड़ा बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को आर.के. मिशन रोड, कनखल निवासी श्री नरेश अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने स्वयं को मालिश करने वाला बताते हुए कहा कि उसके उपचार से कई लोगों को लाभ मिला है। हाथ में दर्द होने के कारण शिकायतकर्ता मालिश कराने के लिए तैयार हो गए।
आरोपी ने मालिश शुरू करने से पहले उनके हाथ में पहना सोने का कड़ा उतरवा लिया और कहा कि बाहर जाकर नल के बहते पानी से हाथ धोकर आएं। जैसे ही पीड़ित हाथ धोने गए, आरोपी सोने का कड़ा लेकर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान 28 जुलाई को पुलिस टीम ने आरोपी हंश कुमार पुत्र कंवरभान, निवासी ग्राम उल्हेडा, थाना कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार को उल्हेडा गांव जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लगभग ₹6 लाख मूल्य का सोने का कड़ा बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

















































