Uncategorized

चार दिन में ब्लाइन्ड मर्डर का खुलासा, प्रेमी ने की थी शहनुमा की हत्या

प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या का खुलासा, फरार आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और आधार कार्ड बरामद

हरिद्वार। पुलिस ने बहादराबाद क्षेत्र में युवती शहनुमा की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी नावेद (28) निवासी ग्राम अलीपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसे मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर से दबोच लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई 2026 को मृतका के पिता मोमिन ने थाना बहादराबाद में तहरीर देकर गांव के ही नावेद और उसके परिजनों पर उनकी पुत्री की हत्या का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर थाना बहादराबाद में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि घटना पूरी तरह ब्लाइंड थी। न तो हत्या का स्पष्ट घटनास्थल सामने आया था और न ही मृतका का शव बरामद हुआ था। इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के जरिए आरोपी की तलाश जारी रखी।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका मृतका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोपी का आरोप है कि मृतका उसे विभिन्न मामलों में फंसाने और कोर्ट में बयान देने की धमकी देती थी। इसी विवाद के चलते उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी के अनुसार वह युवती को कलियर ले गया और अगले दिन तड़के सुनसान इलाके में उसकी हत्या कर शव को गंगनहर में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य नष्ट हो सकें।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन तथा आधार कार्ड बरामद कर लिया गया है। हालांकि मृतका के शव की बरामदगी और मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *