हिन्दू क्रांति दल के कार्यकर्ताओ ने किया प्रदर्शन
राम मंदिर चढ़ावा घोटाला की निष्पक्ष जांच की मांग
हरिद्वार। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित दान घोटाले को लेकर हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित श्रीराम चौक पर हिंदू क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष चरणजीत पाहवा ने कहा कि श्रीराम मंदिर देश की करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। मंदिर में दान के रूप में आए सोना, चांदी और धन में कथित अनियमितताओं की खबरें बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक किसी संत या सामाजिक संगठन की ओर से विरोध नहीं होने पर हिंदू क्रांति दल को सड़क पर उतरना पड़ा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राम मंदिर के निर्माण के लिए लाखों लोगों ने अपना योगदान दिया है और ऐसे में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। जिला अध्यक्ष राजेश चौहान ने भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग दोहराई।
















































