Uncategorized

कुंभ 2027 की तैयारियों में तेजी, नगर आयुक्त ने नॉर्थ ऑफ हर की पैड़ी क्षेत्र का किया निरीक्षण

 

विकास कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश, पंतदीप क्षेत्र में 40 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ने नॉर्थ ऑफ हर की पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान वेंडिंग जोन, पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय, क्राउड मैनेजमेंट और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों का जायजा लिया गया।

नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था UDCC के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुंभ 2027 से पहले सभी विकास परियोजनाएं हर हाल में पूर्ण होनी चाहिए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान पंतदीप क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमणों पर भी नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उनके निर्देश पर नगर निगम की टीम ने तत्काल अभियान चलाकर 40 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए। साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से क्षेत्रवासियों और दुकानदारों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की गई, ताकि आगे की कार्रवाई से बचा जा सके।

नगर आयुक्त ने कहा कि कुंभ 2027 की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विकास कार्यों में अवरोध उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत कुमार, कार्यदायी संस्था UDCC के प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम और कार्यदायी संस्था के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *