कंपनी के स्क्रैप से चांदी चोरी करने वाले तीन कर्मचारी गिरफ्तार, 581.87 ग्राम चांदी बरामद
हरिद्वार। सिडकुल थाना पुलिस ने फैक्ट्री के स्क्रैप से निकलने वाली चांदी की चोरी का खुलासा करते हुए कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 581.87 ग्राम चोरी की चांदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून को सिडकुल स्थित सीएमआर कंपनी के प्रतिनिधि ऋषि तिवारी ने कंपनी के स्क्रैप से निकलने वाली चांदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच अतिरिक्त उपनिरीक्षक अनिल सैनी को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के तीन कर्मचारियों से पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने कंपनी से चांदी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर कंपनी की दीवार के पास फेंका गया नीले रंग का एक थैला बरामद किया गया। थैले में कपड़े की पोटली में छिपाकर रखी गई चोरी की चांदी मिली, जिसकी पहचान शिकायतकर्ता ऋषि तिवारी ने कंपनी की संपत्ति के रूप में की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र सुखवीर, हाल निवासी अशोक वाटिका, हरिनगर कॉलोनी सिडकुल, रवि चौहान पुत्र मदनपाल चौहान, हाल निवासी विष्णुलोक कॉलोनी रानीपुर तथा कमल कुमार पुत्र भूदेव सिंह, हाल निवासी रामधाम कॉलोनी सिडकुल के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, बदायूं और बिजनौर जनपद के निवासी हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।













































