Uncategorized

पौड़ी में विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण, कंडोलिया महोत्सव को मिलेगा राजकीय महोत्सव का दर्जा

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के दौरे के दौरान श्रीनगर रोड स्थित अंबेडकर भवन में विकसित जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ करते हुए इसे राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने जनपद को ₹110.55 करोड़ की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 14 योजनाओं का शिलान्यास और पांच योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

विज्ञान संग्रहालय का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि इंटरएक्टिव मॉडल और प्रयोगात्मक गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान की भावना और नवाचार को बढ़ावा देंगी।

कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार और होमस्टे योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *