हरिद्वार।
प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इंडियन नेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा उन्होंने भाजपा के एक मंत्री द्वारा की गई प्रेस वार्ता का जवाब देते हुए कहा कि मंत्री महोदय जनता के सामने 12 साल के मोदीनामा का झूठ का पुलिंदा पढ़कर गए हैं
आलोक शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल उपलब्धियों से ज्यादा सवालों और विफलताओं के लिए याद किया जाएगा उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि देश में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई से लेकर परिवहन तक हर क्षेत्र में महंगाई का असर दिखाई दे रहा है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने में विफल साबित हुई है
उन्होंने युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि रोजगार के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज लाखों शिक्षित युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार रोजगार सृजन के मोर्चे पर पूरी तरह असफल रही है
प्रेस वार्ता के दौरान आलोक शर्मा ने अमेरिका द्वारा लगाए जा रहे भारी-भरकम टैरिफ का मुद्दा भी उठाया उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की आर्थिक स्थिति और व्यापारिक हितों को लेकर सरकार की नीतियां प्रभावी साबित नहीं हो रही हैं, जिसका असर देश के उद्योग और व्यापार पर पड़ सकता है
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा सरकार को प्रचार से बाहर निकलकर जनता के वास्तविक मुद्दों पर जवाब देना चाहिए
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंकड़ों और विज्ञापनों के सहारे अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी है, जबकि जमीन पर जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से जूझ रही है।













































