महाकाली वाहिनी हिंदू महिलाओं को परिवार व आत्मरक्षा के लिए करेगी प्रेरित : डॉ. उदिता त्यागी
हरिद्वार।
महाकाली वाहिनी की राष्ट्रीय संयोजक डॉ. उदिता त्यागी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में महाकाली हिंदू महिलाओं के लिए आदर्श स्वरूप बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि महाकाली वाहिनी प्रत्येक हिंदू महिला को राजनीतिक, जातिगत व संस्थागत स्वार्थों तथा अहंकार से ऊपर उठकर अपने परिवार और अस्तित्व की रक्षा के लिए प्रेरित करेगी।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए डॉ. उदिता त्यागी ने कहा कि आज विभिन्न प्रकार के संकट हिंदू महिलाओं और उनके परिवारों के सामने मौजूद हैं, लेकिन उनके लिए संघर्ष करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि मानव धर्म के अनुसार अपनी संतान की रक्षा करना प्रत्येक महिला का पहला धर्म और कर्तव्य है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू महिलाओं को उनके मूल कर्तव्यों से विमुख करने के लिए देश में विभिन्न प्रकार के षड्यंत्र किए जा रहे हैं, ताकि परिवार संस्था को कमजोर किया जा सके। डॉ. त्यागी ने कहा कि महाकाली वाहिनी ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी।
डॉ. उदिता त्यागी ने “लव जिहाद” और अपराधियों को संरक्षण दिए जाने जैसे मुद्दों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों पर व्यापक चर्चा के लिए बुधवार से ऋषिकेश में महाकाली वाहिनी का दो दिवसीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. संध्या कौशिक, मधु त्यागी और रीना त्यागी भी उपस्थित रहीं।
















































