ग्रामोत्थान रीप परियोजना के कार्यों का निरीक्षण कर एफडीए कंट्री डायरेक्टर ने की सराहना
हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार में संचालित ग्रामोत्थान रीप परियोजना के कार्यों की प्रगति समीक्षा के दौरान एफडीए के कंट्री डायरेक्टर जेम्स मार्क शील्ड एवं उनकी टीम ने विभिन्न गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया। समीक्षा बैठक में उन्होंने रीप योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी पहल बताया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामोत्थान रीप परियोजना की परियोजना निदेशक झरना कामठन, आईफैड की जनरल सलाहकार निशिधा, मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म के टीम लीडर आलोक जैन तथा कृषि विशेषज्ञ रविन्द्र कुकरेती भी मौजूद रहे।
टीम ने सबसे पहले विकासखंड बहादराबाद में रीप परियोजना के अंतर्गत स्वागत क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा संचालित वेस्ट फ्लावर मैनेजमेंट यूनिट का निरीक्षण किया। यहां मंदिरों से एकत्रित फूलों का प्रसंस्करण कर विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा मशीन संचालन, उत्पादन प्रक्रिया एवं पैकेजिंग कार्य का अवलोकन किया तथा महिला समूहों से संवाद कर उनकी आय, रोजगार और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।
कंट्री डायरेक्टर जेम्स मार्क शील्ड ने यूनिट की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि वेस्ट फ्लावर मैनेजमेंट पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिलाओं के लिए रोजगार और आय सृजन का बेहतर माध्यम बन रहा है।
इसके बाद टीम ने रीप परियोजना के तहत तैयार किए जा रहे परंपरागत उत्पादों जैसे तेल, मसाले और मल्टीग्रेन आटा निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। परियोजना निदेशक ने बताया कि मेदान्स संस्था प्राइवेट पार्टनर के रूप में कार्य करते हुए स्वायत्त सहकारिताओं के साथ अनुबंध कर कच्चा माल उपलब्ध करा रही है तथा सदस्यों को तकनीकी प्रशिक्षण देकर गुणवत्तायुक्त उत्पाद तैयार कराए जा रहे हैं।
टीम ने “मीठी गंगा” शहद प्रसंस्करण इकाई का भी निरीक्षण किया, जहां मधुमक्खी पालकों से शहद क्रय, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और भंडारण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। कंट्री डायरेक्टर ने शहद उत्पादों के विपणन कार्यों की विशेष सराहना करते हुए निदेशक मंडल को अभिनव प्रयासों के लिए बधाई दी।
इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें रीप परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों एवं अनुभवों पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने सीडीओ द्वारा दिए गए सुझावों और नवाचारों की प्रशंसा की।
भ्रमण कार्यक्रम का समन्वय जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सक्सेना द्वारा मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में किया गया। इस दौरान रीप टीम, सहकारिताओं के निदेशक मंडल, स्टाफ एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे।
















































