उत्तराखंड हरिद्वार

डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव की बहुप्रतीक्षित पुस्तक “अग्निपरीक्षा” का हुआ लोकार्पण

हरिद्वार।

अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के पावन अवसर पर कनखल स्थित जगजीतपुर के शिवडेल स्कूल में शनिवार को एक भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रख्यात अधिवक्ता एवं लेखक डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव की बहुप्रतीक्षित पुस्तक “अग्निपरीक्षा” का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ शिवालिक एजुकेशन सोसाइटी के संस्थापक स्वामी शरद पुरी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार मां समाज की आधारशिला होती है, उसी प्रकार एक अच्छी पुस्तक समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने पुस्तक “अग्निपरीक्षा” को सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित बजरंग दल के क्षेत्रीय संयोजक अनुज वालिया ने डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव के साहित्यिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कानून और सामाजिक विषयों को जनमानस तक सरल भाषा में पहुंचाने वाली पुस्तकों की वर्तमान समय में अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने लेखक की लेखनी को समाज के प्रति निस्वार्थ सेवा बताया।

इस अवसर पर अमरीश कुमार, ठाकुर जितेंद्र कुमार तथा रूपेश कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। लेखक की धर्मपत्नी रेखा श्रीवास्तव ने भी आयोजन में अपनी सहभागिता निभाते हुए मातृ शक्ति का प्रतिनिधित्व किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल, विपिन मालिक एवं विद्यालय की शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

पुस्तक विमोचन के बाद भावुक हुए लेखक डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मातृ दिवस जैसे विशेष अवसर पर अपनी पुस्तक का विमोचन होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने लेखक को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *