हरिद्वार।
चारधाम यात्रा की तैयारी और शहर को सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने आज विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार के सख्त निर्देश पर दो पालियों में व्यापक कार्रवाई की गई। जिसमे सुबह की पाली में सिंहद्वार से शंकर आश्रम तक
नगर निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण साफ किया। इस दौरान पांच अवैध ठेलियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। वही छह ठेलियों को जब्त किया गया। शंकर आश्रम रोड पर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में कोई भी अतिक्रमण न करें, वरना कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर की पाली में ब्रह्मपुरी क्षेत्र में बड़ा ऑपरेशन ब्रह्मपुरी इलाके में चलाया गया। जिसमें जेसीबी मशीन के सहारे बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाए गए। यहां 20 से अधिक अवैध अतिक्रमण (नालियों के ऊपर और सार्वजनिक सड़क पर बने) को हटाया गया। इस दौरान 4 खोखे और 10 ठेलियां नष्ट की गईं।
– सरकारी महिला अस्पताल के आसपास का अतिक्रमण भी पूरी तरह खाली करवाया गया। अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर समेत नगर निगम की पूरी टीम और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि हरिद्वार निगम को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा और आवागमन के लिए सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह कार्रवाई चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार को व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।




















































