बागेश्वर।
जिले के कपकोट क्षेत्र के लीती गांव में पुलिस की नियमित चेकिंग अभियान के दौरान एक होटल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने होटल संचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार देर शाम चौकी प्रभारी शामा सुमित कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। मुख्य तिराहे पर स्थित एक होटल की तलाशी ली गई, जहां से 104 बेलनाकार जिलेटिन रॉड्स बरामद हुईं। इन रॉड्स पर “राज जैल 90, राजस्थान एक्सप्लोसिव केमिकल्स लिमिटेड” अंकित था।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान लीती गांव के 52 वर्षीय पान सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में पान सिंह ने बताया कि वर्ष 2010 से 2012 के बीच इलाके में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। उस समय वह बारूद गोदाम की देखरेख करता था। काम पूरा होने के बाद बची हुई यह विस्फोटक सामग्री उसने अपने पास ही रख ली थी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी। आरोपी पान सिंह के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही, उस समय के सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार की भी तलाश शुरू कर दी गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस द्वारा विस्फोटक की संवेदनशीलता को देखते हुए रात करीब 9:20 बजे ऊधमसिंह नगर से बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और स्निफर डॉग ‘मौली’ को बुलाया गया। एसआई चंद्रशेखर उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने होटल और आसपास के इलाके की सघन तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में बरामद सामग्री को जिलेटिन बारूद बताया गया है।
बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने बताया, “चेकिंग के दौरान आरोपी के कब्जे से 104 जिलेटिन रॉड्स बरामद की गई हैं। यह विस्फोटक करीब 15 वर्ष पुराना है, जो सड़क निर्माण के समय से अवैध रूप से उसके पास रखा था। सुरक्षा की दृष्टि से इस सामग्री को विधिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र नष्ट किया जाएगा।”





















































