उत्तराखंड देहरादून

हरिद्वार विधायक बने कैबनेट मंत्री, प्रदेश की भाजपा सरकार ने किया कैबिनेट विस्तार: 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ

देहरादून।
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने पांच नवनियुक्त विधायकों को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में राजपुर रोड विधायक खजान दास, हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा व भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा शामिल रहे। राज्यपाल ने नए मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि वे राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, सांसद महेन्द्र भट्ट, नरेश बंसल सहित कई गणमान्य व्यक्ति, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया। इस विस्तार के साथ उत्तराखंड मंत्रिमंडल अब संवैधानिक अधिकतम सीमा 12 सदस्यों तक पहुंच गया है। पिछले कुछ समय से खाली पड़े पांच पदों को भरने का यह फैसला 2027 के चुनावों को देखते हुए क्षेत्रीय संतुलन, संगठनात्मक मजबूती और प्रदर्शन आधारित चयन पर आधारित माना जा रहा है।
गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए नए मंत्रियों का चयन किया गया है, जिसमें कुछ अनुभवी (जैसे मदन कौशिक और खजान दास, जो पहले भी मंत्री रह चुके हैं) और कुछ नए चेहरे शामिल हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम भाजपा को आगामी चुनाव में मजबूत स्थिति प्रदान करेगा। सरकार जल्द ही विभिन्न निगमों, बोर्डों और आयोगों में भी दायित्वधारी नियुक्तियां कर सकती है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *