हरिद्वार।
थाना कनखल पुलिस की तत्परता से 24 घंटे में चोर दबोचा, नशेड़ी आरोपी के कब्जे से चोरी का मोबाइल और तोड़फोड़ का सामान बरामद
कनखल थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज चोरी की घटना का खुलासा मात्र 24 घंटों के अंदर कर दिया। मध्य रात्रि में एक घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के सहारे पकड़ा गया। आरोपी नशे की लत के चलते अपराध की राह पर चल पड़ा था और उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन व तोड़फोड़ का उपकरण बरामद किया गया।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित सतनाम सिंह पुत्र सर्वप्रिय सिंह निवासी बिहार तथा श्याम सुंदर पारिक पुत्र आईआईटी जगजीतपुर ने 7 नवंबर 2025 को थाना कनखल में तहरीर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मध्य रात्रि में उनके घर पर एक अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ितों ने सीसीटीवी फुटेज में चोर की संदिग्ध गतिविधियों को कैद होते दिखाया, जिसके आधार पर थाना कनखल पर मुकदमा दर्ज किया गया।
तत्काल कार्रवाई में उतरते हुए कनखल थाना पुलिस ने क्षेत्रीय सीसीटीवी फुटेजों का गहन अवलोकन किया। सुरागरसी व पतारसी के दौरान पुलिस को चोर के सुराग मिले, जो हैली पैड बैरागी कैंप क्षेत्र में भटकते दिखा। दबिश देकर पुलिस ने आरोपी विकास पुत्र विष्णु निवासी चीला कालोनी, थाना लक्ष्मण झूला, जनपद पौड़ी गढ़वाल को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता चला कि आरोपी विकास नशे का आदी है और पूर्व में पटेलनगर थाना देहरादून से स्कूटी चोरी के मामले में जेल की हवा खा चुका है। पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि नशे की लत पूरी करने के लिए ही वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। आरोपी के कब्जे से बरामद सामान में एक चोरी का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, एक सब्बल (जिससे ताले तोड़े गए थे) कनखल थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीम में शामिल – उप निरीक्षक धनराम शर्मा, कांस्टेबल उमेद सिंह, कांस्टेबल विशन सिंह चौहान शामिल रहे।





















































