हरिद्वार।
कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार सायं एनएचएआई द्वारा किए जा रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हरिलोक तिराहा ज्वालापुर, बहादराबाद टोल प्लाजा सहित विभिन्न स्थलों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों एवं कॉन्ट्रैक्टरों के साथ कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण कार्य अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रहा है। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले जो भी कार्य संभव हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री एवं मलबे को तुरंत हटाया जाए। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों को गति दें। इसके लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और आवश्यकता अनुसार रात्रि में भी कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उप जिलाधिकारी/सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार, एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष कुमार, हिमालयन कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार, राजकुमार पांडे, इंजीनियर उत्तम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


















































