सरकारी रिकॉर्ड में 15 दांत दर्ज, भौतिक सत्यापन में मिले केवल 10, वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
देहरादून। उत्तराखंड वन विभाग में सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। लालढांग वन रेंज के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो रेंजरों को निलंबित कर दिया है। डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई विभागीय जांच में रिकॉर्ड के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद पर कार्रवाई की गई है। सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो ने दोनों रेंजरों के निलंबन की पुष्टि की है।
दरअसल, लालढांग वन रेंज के स्टोर में सरकारी अभिलेखों के अनुसार हाथियों के कुल 15 दांत रखे हुए थे। लेकिन जब विभाग ने स्टोर का भौतिक सत्यापन कराया तो वहां केवल 10 हाथी दांत ही मिले। शेष पांच दांत गायब पाए गए। सरकारी रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध हाथी दांतों की संख्या में अंतर सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच शुरू कराई गई। साथ ही यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई।
डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई विभागीय जांच में स्टोर में रखे हाथी दांतों के रखरखाव, सुरक्षा और रिकॉर्ड प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच रिपोर्ट में रेंजरों के साथ फॉरेस्टर और लिपिक की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने दो रेंजरों को निलंबित कर दिया है।
इस पूरे प्रकरण ने वन विभाग की आंतरिक निगरानी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज पांच हाथी दांत आखिर स्टोर से कैसे गायब हो गए? क्या लंबे समय तक इनके रखरखाव और सत्यापन की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी?
सबसे अहम बात यह है कि गायब हाथी दांतों का वजन कितना था और उनके गायब होने के पीछे किसकी भूमिका रही? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। दो रेंजरों के निलंबन के बाद अब निगाहें आगे की जांच पर टिकी हैं। देखना होगा कि जांच में हाथी दांतों के गायब होने का राज खुलता है या मामला केवल विभागीय लापरवाही तक सीमित रह जाता है।























































