Uncategorized उत्तर प्रदेश

पुलिस चौकी ब्लास्ट: FIR दर्ज, NIA-ATS की जांच तेज; 200 CCTV कैमरों में तलाशे जा रहे सुराग

 

वसुंधरा चौकी धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, डेढ़ किलोमीटर दूर मिली लावारिस स्कूटी; सोशल मीडिया पर आतंकी संगठन के दावे की भी जांच

गाजियाबाद। गाजियाबाद के वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। मामले में FIR दर्ज होने के बाद NIA, यूपी ATS और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल समेत कई एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। सोशल मीडिया पर कथित आतंकी संगठन द्वारा धमाके की जिम्मेदारी लेने के दावे ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की रात इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में अचानक जोरदार धमाका हुआ था। धमाके से चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि दीवार में दरारें भी आ गईं। घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और फूड डिलीवरी कर्मचारी मौजूद थे। कांच लगने से डिलीवरी कर्मचारी घायल हो गया था, जिसे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मामले में सब-इंस्पेक्टर की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

जांच के बीच ‘गाजी-2’ नाम के एक्स अकाउंट से ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ के नाम पर धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। एजेंसियां सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और इसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान की जांच कर रही हैं।

घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक लावारिस स्कूटी मिलने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। हालांकि, अभी तक स्कूटी का धमाके से कोई संबंध प्रमाणित नहीं हुआ है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इलाके के 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। घटनास्थल से जुटाए गए नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।

अब जांच एजेंसियों के सामने धमाके की असली वजह का पता लगाने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर किए गए दावे की सच्चाई सामने लाने की चुनौती है। क्या यह महज एक हादसा था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा? इसका खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *