हरिद्वार। द ह्यूमन राइट्स वेलफेयर एसोसिएशन रजिस्टर्ड इंडिया की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट अनूप प्रकाश भारद्वाज ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गौरव मनचंदा एवं उनके साथियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एडवोकेट अनूप प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि संस्था पिछले करीब 25 वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहकर मानवाधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित लोगों के साथ खड़े होकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है और प्रत्येक व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए समाज का जागरूक होना जरूरी है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गौरव मनचंदा ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लोग अपने मूलभूत मानवाधिकारों से अनजान हैं। संस्था गैर राजनीतिक संगठन के रूप में समाज के प्रत्येक वर्ग को भेदभाव, अत्याचार और अधिकारों के हनन के प्रति जागरूक करेगी। इसके लिए जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को उठाने के साथ ही उन्हें अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देना संस्था की प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम में शौरभ पाल, दीपक धवन, लक्ष्मीपति बलजी, प्रशांत लांबा, अमन राणा, तनवीर अहमद, भूषण अल्वी, अदनान अहमद सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।




















































