हरिद्वार। अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुमार ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व नाम ट्विटर) अकाउंट पर संदिग्ध लॉगिन और अनधिकृत एक्सेस के प्रयासों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, उनका आधिकारिक X अकाउंट @ArvindTheRebel वर्ष 2010 से संचालित है। अधिवक्ता का कहना है कि 25 सितंबर 2026 की रात करीब 11:16 बजे उन्हें X अकाउंट में संदिग्ध लॉगिन प्रयासों को लेकर सुरक्षा अलर्ट प्राप्त हुए।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि इराक, नाइजीरिया, सऊदी अरब, सऊदी अरब, मिस्र और ओमान सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय स्थानों से Android डिवाइस और Chrome ब्राउजर के माध्यम से अकाउंट को एक्सेस करने के प्रयास किए गए। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हैक अथवा अनधिकृत रूप से एक्सेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने तथा अपने X अकाउंट की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने अपने सामाजिक, विधिक और लेखकीय दायित्वों का हवाला देते हुए अकाउंट के दुरुपयोग की आशंका भी व्यक्त की है।




















































